टेंट हाउस का हिसाब रजिस्टर से मोबाइल पर कैसे लाएँ

रजिस्टर गुम हो सकता है, भीग सकता है, और दो आदमी एक साथ नहीं देख सकते। यह लेख बताता है कि पुराना हिसाब बिना गड़बड़ी के फ़ोन पर कैसे लाया जाए — एक हफ़्ते में, थोड़ा-थोड़ा करके।

लेखक TentSaathiछपा 11 अग2 मिनट

हर टेंट हाउस में एक रजिस्टर होता है। उसी में बुकिंग लिखी जाती है, उसी में एडवांस, और उसी के किसी कोने में यह भी कि फलाँ जगह दस कुर्सी छूट गई थी। रजिस्टर बुरा नहीं है — उसकी दिक़्क़त बस तीन हैं।

एक, वह एक ही जगह रहता है। आप बाज़ार में हैं और ग्राहक फ़ोन पर पूछ रहा है कि 18 तारीख़ को पंडाल खाली है या नहीं — जवाब देने के लिए दुकान लौटना पड़ता है।

दो, उसे दो आदमी एक साथ नहीं देख सकते। आपने एक बुकिंग ली, बेटे ने उसी दिन की दूसरी — और दोनों को पता तब चलता है जब सामान कम पड़ जाता है।

तीन, वह जोड़ नहीं करता। सीज़न के बाद यह निकालने में दो दिन लगते हैं कि असल में बचा कितना।

शुरू कहाँ से करें

पूरा पुराना हिसाब एक दिन में मत उठाइए। यह सबसे आम ग़लती है — लोग दस साल का रजिस्टर लेकर बैठ जाते हैं, तीन घंटे में थक जाते हैं, और ऐप छोड़ देते हैं।

इसके बजाय यह क्रम रखिए:

  1. पहले सामान डालिए, बुकिंग नहीं। कुर्सी कितनी हैं, पंडाल कितने, गद्दा-चादर कितने सेट। यही एक काम है जिससे बाक़ी सब चलता है।
  2. फिर आज से आगे की बुकिंग डालिए। जो पहले से ली हुई हैं और अभी होनी बाक़ी हैं — बस वही। पिछले साल की शादियाँ छोड़ दीजिए, उनका अब कोई काम नहीं।
  3. फिर बकाया डालिए। जिन पार्टियों से पैसा आना बाक़ी है, उनके नाम और रक़म। यह सूची अक्सर छोटी होती है और सबसे ज़्यादा काम की।
  4. रजिस्टर बंद मत कीजिए। पहले महीने दोनों साथ चलाइए। जब भरोसा हो जाए तब रजिस्टर छोड़िए।

गिनती ईमानदारी से कीजिए

सामान डालते समय सबसे बड़ा लालच यह होता है कि गोल संख्या लिख दें — "आठ सौ कुर्सी"। लेकिन असल में 62 टूटी पड़ी हैं और 40 पिछली पार्टी से लौटी नहीं।

अगर आप 800 लिखेंगे तो ऐप 800 के हिसाब से बुकिंग लेने देगा और सीज़न में आप फँसेंगे। जो सामान सही हालत में है और आज उठाया जा सकता है, बस उतना लिखिए। टूटा हुआ अलग गिनिए।

एक आदमी तय कीजिए

जिस दिन से ऐप चालू हो, यह तय कर लीजिए कि बुकिंग कौन डालेगा। दो लोग अलग-अलग जगह से डालेंगे तो शुरुआत में गड़बड़ होगी। एक-दो हफ़्ते बाद जब तरीक़ा बैठ जाए, तब बाक़ी लोगों को जोड़िए।

क्या बदलेगा

पहले हफ़्ते में ज़्यादा कुछ नहीं लगेगा — बस लिखने की जगह बदली है। फ़र्क़ तीसरे हफ़्ते से दिखता है: ग्राहक तारीख़ पूछता है, आप फ़ोन देखकर दो सेकंड में बताते हैं, और वह बुकिंग वहीं पक्की हो जाती है। यही वह बुकिंग है जो पहले "देखकर बताता हूँ" में निकल जाती थी।

आम सवाल

क्या पुराना सारा हिसाब डालना ज़रूरी है?

नहीं। सिर्फ़ आज का सामान, आगे की बुकिंग और जो पैसा आना बाक़ी है — इतना काफ़ी है। पिछले सीज़न की पूरी बही डालने की कोई ज़रूरत नहीं।

इंटरनेट नहीं हो तो?

ऐप फ़ोन में खुला रहता है और पुराना डेटा दिखता रहता है। नई बुकिंग डालने के लिए नेट चाहिए — उतनी देर के लिए मोबाइल डेटा काफ़ी है।

इसमें कितना समय लगेगा?

सामान डालने में एक-दो घंटे, बुकिंग डालने में रोज़ दस मिनट। पहले हफ़्ते के बाद यह रजिस्टर लिखने से कम समय लेता है।

अपने टेंट हाउस का हिसाब फ़ोन पर लाइए

तारीख़-वार सामान, डबल बुकिंग नामुमकिन, एडवांस-बाकी और चालान — सब एक जगह।

मुफ़्त शुरू कीजिए

इसे भी पढ़िए